Delhi, Punjab समेत 5 राज्यों में पराली जलाने पर ड्रोन से होगी निगरानी, CAQM ने जारी किए निर्देश
Delhi, Punjab, Haryana, UP, Rajasthan: दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण कम करने के लिए अब आसमान से निगरानी की जाएगी। दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CAQM ने पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान की सरकारों
Delhi, Punjab, Haryana, UP, Rajasthan: दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण कम करने के लिए अब आसमान से निगरानी की जाएगी। दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CAQM ने पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान की सरकारों को ड्रोन तैनात करने की सलाह दी है। इसका मकसद खेतों में पराली जलाने की घटनाओं को रोकना और उन्हें रीयल-टाइम में पकड़ना है।
CAQM ने बताया कि ड्रोन के जरिए धान की खेती वाले इलाकों, खासकर उन गांवों और जगहों की निगरानी की जाएगी जहां आग लगने की संभावना ज्यादा रहती है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि ड्रोन सर्वे दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे के बीच किया जाए। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि किसान अक्सर सैटेलाइट से बचने के लिए शाम के समय पराली जलाते हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सैटेलाइट डेटा पुराना होता है और दिन में सिर्फ दो बार अपडेट होता है, जिससे तुरंत कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है। ड्रोन इस कमी को दूर करेंगे क्योंकि ये हाई-रेजोल्यूशन इमेज देते हैं और तेजी से तैनात किए जा सकते हैं। इसके लिए एक विस्तृत SOP तैयार की जा रही है, जिसमें तय होगा कि किस जिले या गांव में कितने ड्रोन लगेंगे और उनकी तकनीकी खासियत क्या होगी।
हाल ही में हुए रबी सीजन (1 अप्रैल से 31 मई 2026) के आंकड़ों ने चिंता बढ़ाई है। IARI के डेटा के अनुसार, पंजाब में 9,806 और हरियाणा में 3,398 खेत जलाए गए। हरियाणा में पिछले साल इसी समय 1,832 मामले थे, जो अब काफी बढ़ गए हैं।
CAQM ने पंजाब और हरियाणा को आने वाले सीजन के लिए ड्रोन खरीदने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले पटियाला जिले में एक पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा था, जहां ड्रोन की मदद से आग वाली जगहों की सटीक पहचान की गई थी। इसके अलावा राज्यों को ‘पराली प्रोटेक्शन फोर्स’ बनाने और देर शाम गश्त बढ़ाने की रणनीति तैयार करने को भी कहा गया है।