Lucknow में ‘शर्मा जी की चाय’ पहुंचे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 चुनाव के लिए फूंका बिगुल

Lucknow: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय यूपी दौरे पर लखनऊ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर की मशहूर ‘शर्मा जी की चाय’ की दुकान पर जाकर बन-मक्खन और समोसे के साथ चाय का आनंद लिया

Lucknow: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय यूपी दौरे पर लखनऊ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर की मशहूर ‘शर्मा जी की चाय’ की दुकान पर जाकर बन-मक्खन और समोसे के साथ चाय का आनंद लिया। उनके साथ यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नितिन नवीन ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चाय विक्रेता होने के सफर का जिक्र किया और कहा कि अब कोई चाय वाले का मजाक नहीं उड़ाता। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और भाजपा इस बार भी प्रचंड बहुमत से तीसरी बार सरकार बनाएगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात केवल चाय पीने तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह जनता से जुड़ने और चुनाव की तैयारी का एक हिस्सा था।

अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन ने यूपी की डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और धार्मिक पर्यटन की उपलब्धियों की तारीफ की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए ताकि सरकार की योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचे।

लखनऊ यात्रा में उन्होंने हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना की और भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों के साथ 2027 की रणनीति पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और पंकज चौधरी के साथ ‘मैंगो पार्टी’ में भी हिस्सा लिया। इस दौरे में उन्होंने एनडीए के सहयोगी दलों, साहित्यकारों और कलाकारों से भी मुलाकात की और अपने अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।