Bihar के पश्चिम चंपारण में स्कूल हॉस्टल में 10 साल के छात्र की मौत, 2 शिक्षक गिरफ्तार
Bihar/West Champaran: पश्चिम चंपारण जिले के लौकरिया थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के छात्रावास में 10 साल के छात्र प्रिंस कुमार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप म
Bihar/West Champaran: पश्चिम चंपारण जिले के लौकरिया थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के छात्रावास में 10 साल के छात्र प्रिंस कुमार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के दो शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक प्रिंस कुमार वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी करमहा टोला का रहने वाला था और हरनाटांड़ बाजार स्थित कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर कक्षा दो में पढ़ रहा था। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार शाम को शिक्षकों ने प्रिंस के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। परिजनों ने बच्चे की आंख और पीठ पर चोट के निशान होने का दावा किया है।
लौकरिया थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र का शव कमरे से बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है। रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने कहा कि शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लग रहा है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और वैज्ञानिक सबूतों के बाद ही साफ हो पाएगी।
घटना की जांच के लिए रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने बताया कि विद्यालय परिसर को सील किया जाएगा और एक दंडाधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। फिलहाल पुलिस हॉस्टल के अन्य कर्मचारियों और छात्रों से पूछताछ कर रही है, जबकि स्कूल का संचालक फरार बताया जा रहा है।