Bihar में भारी बारिश का अलर्ट, 38 जिलों के लिए IMD ने जारी किया Yellow Alert; मधुबनी और सुपौल समेत 4 जिलों में ज्यादा खतरा

Bihar: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अगस्त को राज्य के सभी 38 जिलों में आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर

Bihar: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अगस्त को राज्य के सभी 38 जिलों में आंधी और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 2 अगस्त को पूरे बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 2 से 4 अगस्त के बीच वैशाली, दरभंगा, गोपालगंज, सिवान, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। उत्तर बिहार के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

राजधानी पटना और दक्षिण बिहार के इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है। पटना में 2 अगस्त को बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम है। यहां दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

आने वाले दिनों की बात करें तो 3 अगस्त और 5 अगस्त को भी राज्य के सभी 38 जिलों में बारिश, गरज और बिजली गिरने का येलो अलर्ट रहेगा। हालांकि 6 अगस्त से पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।

IMD और मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा है कि लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और खुले स्थानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।