Bihar में पकड़े गए चोर को ग्रामीणों ने नहीं पीटा, पहले भरपेट खाना खिलाया
Bihar: बिहार के सीतामढ़ी जिले से इंसानियत की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। यहाँ ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ने के बाद उसे पीटने के बजाय पहले भरपेट खाना खिलाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लो
Bihar: बिहार के सीतामढ़ी जिले से इंसानियत की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। यहाँ ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ने के बाद उसे पीटने के बजाय पहले भरपेट खाना खिलाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे बिहार के संस्कारों से जोड़कर देख रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक यह मामला सीतामढ़ी जिले के बथनाहा प्रखंड की सिंगरहिया पंचायत के फुलवरिया गांव का बताया जा रहा है। एक व्यक्ति चोरी के इरादे से गांव में घुसा था जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आमतौर पर ऐसी स्थिति में भीड़ गुस्से में होती है, लेकिन यहाँ गांव वालों ने अलग रास्ता चुना। उन्होंने चोर को रोटी, मछली और पानी दिया ताकि वह अपनी भूख मिटा सके।
वीडियो में एक बुजुर्ग ग्रामीण यह कहते हुए नजर आए कि चोरी कर ली तो क्या करें, लेकिन अगर यह भूखा मर जाएगा तो उसकी जवाबदेही कौन लेगा। उन्होंने साफ कहा कि पहले इसे खिला-पिला लिया जाए, उसके बाद उससे पूछताछ होगी। ग्रामीणों का मानना है कि बिहार में अब भी इंसानियत जिंदा है।
सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को ‘अतिथि देवो भव’ और ‘दिलवालों का बिहार’ कहकर शेयर कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि खाना खिलाने के बाद उससे पूछा जाएगा कि उसने चोरी क्यों की, और अगर वह सही जवाब नहीं देगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।