Bihar और Telangana के बीच कृषि समझौता, मखाना और ऑयल पाम की खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई

Bihar: बिहार और तेलंगाना सरकार ने मिलकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक बड़ा समझौता किया है। इसके तहत दोनों राज्य खेती की नई तकनीकों और फसलों के विविधीकरण में एक-दूसरे की मदद करेंगे। हैदराबाद में हुई इस बैठक में बिहार के

Bihar: बिहार और तेलंगाना सरकार ने मिलकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए एक बड़ा समझौता किया है। इसके तहत दोनों राज्य खेती की नई तकनीकों और फसलों के विविधीकरण में एक-दूसरे की मदद करेंगे। हैदराबाद में हुई इस बैठक में बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और तेलंगाना के कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव ने विस्तार से चर्चा की।

इस समझौते के तहत बिहार अब तेलंगाना के ऑयल पाम (ताड़) खेती के मॉडल को अपनाएगा। बिहार सरकार यह देखेगी कि तेलंगाना में किसानों को कैसे प्रोत्साहन दिया जाता है, नर्सरी कैसे विकसित की जाती है और प्रोसेसिंग मिलें कैसे काम करती हैं। इसके लिए बिहार से अधिकारियों और किसानों का एक दल तेलंगाना जाएगा ताकि वहां की सूक्ष्म-सिंचाई सुविधाओं और खेती के तरीकों को करीब से समझा जा सके।

दूसरी ओर, तेलंगाना ने बिहार के मखाना उत्पादन और उसके मार्केटिंग के अनुभव में गहरी रुचि दिखाई है। तेलंगाना के किसान अब बिहार से मखाना उगाने, उसकी प्रोसेसिंग करने और उसे बाजार तक पहुंचाने की तकनीक सीखेंगे। बिहार सरकार राज्य में आधुनिक मखाना पॉपिंग सेंटर बनाने और कृषि निर्यात नीति के जरिए मखाने को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक ले जाने की तैयारी कर रही है।

बैठक में तेलंगाना के कृषि मंत्री ने अपनी सरकार की डिजिटल पहलों जैसे AgriStack, उपग्रह आधारित फसल निगरानी और AI आधारित KrishiVAS सिस्टम की जानकारी दी। उन्होंने रायथु भरोसा और फसल ऋण माफी जैसी योजनाओं के बारे में भी बताया। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लक्ष्य तेलंगाना के सफल मॉडलों को बिहार की जमीन और माहौल के हिसाब से लागू करना है ताकि किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक बेहतर सुविधा मिले।

इस पूरी योजना में मखाना बोर्ड बिहार, राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्र (मखाना) दरभंगा और भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय पूर्णिया की भूमिका अहम होगी। ये संस्थाएं बीज उत्पादन और वितरण के काम को संभालेंगी। दोनों राज्यों ने सहमति जताई है कि किसान एक-दूसरे के राज्यों में जाकर आधुनिक खेती और वैल्यू एडिशन के तरीके सीखेंगे।