Bihar में टेंडर घोटाले पर SVU का एक्शन, निलंबित IAS अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार के घर छापेमारी

Bihar: पटना में सरकारी टेंडरों में हेरफेर के मामले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को SVU की टीमों ने निलंबित IAS अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर के घरों पर छापेमारी की। इसके साथ ही मात

Bihar: पटना में सरकारी टेंडरों में हेरफेर के मामले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को SVU की टीमों ने निलंबित IAS अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर के घरों पर छापेमारी की। इसके साथ ही मातृस्वा इंफ्रा के डायरेक्टर पवन कुमार के आवास की भी तलाशी ली गई ताकि इस घोटाले से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें।

यह पूरी कार्रवाई ठेकेदार रिशु श्री की निशानदेही और उससे मिले खुलासों के बाद हुई है। रिशु श्री को SVU ने 28 मई 2026 को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से वह पूछताछ में कई अहम जानकारियां दे रहा है। जांच में सामने आया है कि रिशु श्री ने सरकारी अफसरों के साथ मिलकर टेंडरों में धांधली की और बदले में उन्हें महंगे तोहफे और विदेश यात्राएं कराईं।

निलंबित IAS अभिलाषा शर्मा पर आरोप है कि रिशु श्री ने उनके घर पर करीब 9 लाख रुपये का रूफटॉप गार्डनिंग का काम कराया। साथ ही उनके रिश्तेदारों की गोवा, दिल्ली और हैदराबाद की हवाई यात्रा और आईफोन जैसे महंगे गिफ्ट्स का खर्च भी इसी ठेकेदार ने उठाया। वहीं, निलंबित IAS योगेश कुमार सागर पर आरोप है कि रिशु श्री ने उनके और उनके आठ रिश्तेदारों की ऑस्ट्रिया यात्रा का पूरा खर्च उठाया, जो करीब 21.92 लाख रुपये था।

इस घोटाले में मातृस्वा इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की भूमिका भी संदिग्ध है, जिसे रिशु श्री गुप्त रूप से कंट्रोल करता था। सुपौल में फिजिकल मॉडलिंग सेंटर बनाने के 125 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में इस कंपनी के जरिए बिलों में गड़बड़ी और रिश्वतखोरी का खेल खेला गया। इस मामले में पहले ही संतोष कुमार, मुमुक्षु कुमार चौधरी, तरिणी दास और उमेश कुमार सिंह जैसे बड़े अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके पास से करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति मिली थी।

बिहार सरकार ने ED की रिपोर्ट और SVU की FIR के आधार पर 30 मई 2026 को अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर को निलंबित कर दिया था। फिलहाल SVU की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।