Bihar में बेटों ने की पिता की हत्या, नवादा में जमीन विवाद और कटिहार में घरेलू झगड़े के बाद वारदात

Bihar: राज्य के नवादा और कटिहार जिलों से रिश्तों को शर्मसार करने वाली दो अलग-अलग खबरें आई हैं। यहां बेटों ने अपने ही पिता की जान ले ली। एक मामला जमीन के लालच से जुड़ा है तो दूसरा घरेलू विवाद और शराब के नशे के कारण हुआ। इ

Bihar: राज्य के नवादा और कटिहार जिलों से रिश्तों को शर्मसार करने वाली दो अलग-अलग खबरें आई हैं। यहां बेटों ने अपने ही पिता की जान ले ली। एक मामला जमीन के लालच से जुड़ा है तो दूसरा घरेलू विवाद और शराब के नशे के कारण हुआ। इन घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खालसा गांव में सोमवार देर रात एक खौफनाक वारदात हुई। यहां 60 वर्षीय टुनटुन यादव की उनके बड़े बेटे उपेंद्र यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक टुनटुन यादव ने अपनी जमीन तीन हिस्सों में बांटी थी, जिसमें से एक हिस्सा उन्होंने अपने पास रखा था। आरोपी बेटा उपेंद्र चाहता था कि पिता उस जमीन को बेचकर उसे पैसे दें। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सदर एसडीपीओ-2 सुरेश प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद ही हत्या की वजह लग रही है। मृतक की छोटी बहू ने एफआईआर दर्ज कराई है और पुलिस फरार आरोपी उपेंद्र की तलाश में छापेमारी कर रही है।

वहीं कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र के बौला टोला में मंगलवार रात एक और वारदात हुई। यहां 20 साल के सुदाम सिंह ने अपने 43 वर्षीय पिता चंदन सिंह की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक चंदन सिंह अक्सर शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। मंगलवार रात भी वह नशे में मां को पीट रहा था, जिसे देख बेटे सुदाम ने बीच-बचाव किया और गुस्से में पिता पर हमला कर दिया। आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आरोपी बेटे सुदाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।