Bihar के सीतामढ़ी में हथकड़ी पहनकर NEET की परीक्षा देने पहुंचा युवक, कोर्ट से मिली थी विशेष अनुमति
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में रविवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहाँ NEET-UG की री-एग्जामिनेशन देने के लिए एक युवक हथकड़ी पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचा। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच जब यह युवक सेंटर के अ
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में रविवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहाँ NEET-UG की री-एग्जामिनेशन देने के लिए एक युवक हथकड़ी पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचा। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच जब यह युवक सेंटर के अंदर दाखिल हुआ, तो वहां मौजूद अन्य परीक्षार्थी और उनके अभिभावक दंग रह गए।
जानकारी के मुताबिक, इस युवक की पहचान अफजाद अली के रूप में हुई है, जो सीतामढ़ी के कन्हाउली थाना क्षेत्र के बगहा गांव का रहने वाला है। अफजाद अली एक मारपीट के मामले में पिछले करीब 15 दिनों से न्यायिक हिरासत में था। उस पर आरोप है कि 2 जून को उसकी मोटरसाइकिल से टक्कर होने के बाद विवाद हुआ और फिर कुछ लोगों ने मिलकर हमला किया था।
अफजाद अली को परीक्षा देने के लिए कोर्ट से विशेष अनुमति मिली थी। कोर्ट के आदेश के बाद जेल प्रशासन और पुलिस ने उसकी परीक्षा की सारी व्यवस्था की। उसे डिविजनल जेल से पुलिस एस्कॉर्ट के साथ सीतामढ़ी के डुमरा स्थित कमला गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र लाया गया। सुरक्षा कारणों से उसे हथकड़ी पहनाई गई थी।
DSP राजीव कुमार सिंह और SP अमित रंजन ने पुष्टि की कि उम्मीदवार न्यायिक हिरासत में था और उसे कोर्ट के आदेश के पालन में ही सेंटर लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शिक्षा के अधिकार का सम्मान करते हुए उसे परीक्षा में बैठने दिया गया। परीक्षा के दौरान भी उस पर विशेष नजर रखी गई ताकि सुरक्षा और निष्पक्षता बनी रहे। पेपर खत्म होने के बाद पुलिस टीम उसे वापस सीतामढ़ी जेल ले गई।
बता दें कि 3 मई को हुए पहले एग्जाम में धांधली और पेपर लीक के आरोपों के बाद देशभर में 21 जून को यह री-एग्जामिनेशन आयोजित किया गया था। इसी तरह का एक मामला छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी सामने आया, जहां एक विचाराधीन कैदी पुलिस सुरक्षा में परीक्षा देने पहुंचा था।