Bihar के समस्तीपुर में 9वीं की छात्रा से गैंगरेप, घर के पास मकई के खेत में बेहोश मिली नाबालिग

समस्तीपुर: बिहार के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया। पीड़िता अपने घर से महज 50 मीटर दूर मकई के खेत में बेहोशी

समस्तीपुर: बिहार के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया। पीड़िता अपने घर से महज 50 मीटर दूर मकई के खेत में बेहोशी की हालत में मिली थी। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पीड़िता के पास से कागज का एक टुकड़ा मिला है, जिसमें तीन लोगों द्वारा इस वारदात को अंजाम देने की बात लिखी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में पीड़िता का इलाज चल रहा है और उसकी मेडिकल जांच भी पूरी कर ली गई है। पुलिस अब न्यायालय में धारा 164 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज कराएगी।

इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की है। FIR में दो लोगों के नाम लिखे गए हैं और दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला थानाध्यक्ष प्रीति भारती और सदर डीएसपी संजय कुमार पांडे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

वहीं, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में इलाज शुरू होने में करीब 2 घंटे की देरी हुई और उन्हें एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक दौड़ना पड़ा। साथ ही, एक ग्रामीण ने आरोप लगाया कि पुलिस ने परिवार को इस मामले की जानकारी मीडिया को न देने की हिदायत दी थी।

जांच को पुख्ता करने के लिए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था, जिसने वहां से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस सामूहिक दुष्कर्म और अन्य विवादों के एंगल से भी जांच कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि शाम के समय खेतों और सुनसान रास्तों पर सुरक्षा बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।