Bihar के रोहतास में सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई कार; बीएससी नर्सिंग छात्र की मौत, 3 गंभीर

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक बीएससी नर्सिंग छात्र की जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक बीएससी नर्सिंग छात्र की जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा धौढ़ाड़ थाना क्षेत्र के लेरुआं पुल के पास एक पेट्रोल पंप के सामने हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार रात करीब 2:00 बजे हुआ। मृतक छात्र की पहचान 19 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जो शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशीला गांव के रहने वाले थे और शेर शाह नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी छात्र डेहरी-ऑन-सोन में एक पार्टी में शामिल हुए थे और वहां से कार के जरिए सासाराम लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

हादसे के बाद घायल तीनों छात्रों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने अभिषेक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असली कारणों की जांच की जा रही है।