Bihar में मुकेश कुमार और आकाशदीप बने DSP, पद संभालने के लिए सरकार ने रखी ये शर्त

Bihar: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाशदीप अब बिहार पुलिस में DSP के पद पर तैनात होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

Bihar: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाशदीप अब बिहार पुलिस में DSP के पद पर तैनात होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। गृह विभाग ने इस नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

इन दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत की गई है। हालांकि, इस पद को संभालने के लिए सरकार ने कुछ जरूरी शर्तें रखी हैं। दोनों खिलाड़ियों को एक बॉन्ड साइन करना होगा, जिसमें उन्हें यह वादा करना होगा कि वे जॉइनिंग की तारीख से अगले पांच साल तक सक्रिय खिलाड़ी के तौर पर खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। अगर वे इस शर्त को पूरा नहीं करते हैं, तो उनकी सर्विस को स्थायी नहीं किया जाएगा।

नियुक्ति के शुरुआती छह महीने प्रोविजनल रहेंगे, जिसके दौरान उनके चरित्र और पुराने रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही उनकी नियुक्ति नियमित होगी। साथ ही, सरकार ने साफ किया है कि अगर उनके शैक्षणिक, आवासीय या खेल से जुड़े कोई भी दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं, तो नौकरी तुरंत रद्द कर दी जाएगी और कानूनी कार्रवाई भी होगी। स्पोर्ट्स कोटा के तहत इस नौकरी के लिए बिहार का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद थीं। खेल मंत्री ने कहा कि इस योजना से खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और युवाओं का रुझान खेलों की तरफ बढ़ेगा। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि 15 सितंबर से राज्य में ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ शुरू होगा, जिससे पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी।

मुकेश और आकाशदीप के अलावा 17 से 19 अन्य खिलाड़ियों को भी सरकारी पदों पर नियुक्ति मिली है, जिसमें पीयूष राज को पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) बनाया गया है। इसके अलावा 637 खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स स्कॉलरशिप के पत्र दिए गए। वेतन की बात करें तो दोनों खिलाड़ियों को पे स्केल-9 के तहत 9300-34800 रुपये के बीच सैलरी और 5400 रुपये ग्रेड पे मिलेगा।