Bihar के कई शहरों में NEET पेपर लीक को लेकर बवाल, पुलिस फायरिंग और लाठीचार्ज से माहौल तनावपूर्ण
Bihar: राज्य के कई जिलों में नीट (NEET) पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के बाद माहौल बिगड़ गया है। पटना, दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय और जहानाबाद समेत कई शहरों में छात्रों औ
Bihar: राज्य के कई जिलों में नीट (NEET) पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के बाद माहौल बिगड़ गया है। पटना, दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय और जहानाबाद समेत कई शहरों में छात्रों और विपक्षी दलों के प्रदर्शन हिंसक हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और कई जगहों पर हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।
दरभंगा में स्थिति काफी खराब रही जहाँ प्रदर्शनकारियों ने करीब चार घंटे तक पुलिस पर पथराव किया। इस हिंसा में सिटी एसपी और कुछ पुलिसकर्मियों के साथ दो पत्रकार घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया और सात राउंड आंसू गैस के गोले दागे। वहीं जहानाबाद में भीड़ के उग्र होने पर पुलिस को 20 से 30 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें नगर थाना प्रभारी और कुछ अन्य अधिकारी चोटिल हुए। कटिहार में डीएम कार्यालय के बाहर हुए पथराव में अंचलाधिकारी सोनू भगत गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजधानी पटना में भी काफी हंगामा हुआ। यहाँ भाजपा विधायक रोहित पांडे की गाड़ी पलटने की कोशिश की गई और उनके साथ मारपीट हुई। विधायक विनय बिहारी और पार्टी नेता अजय सिंह की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि हिंसा करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जहानाबाद की डीएम त्शेरिंग वाई भूटिया ने भी साफ किया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस हाई अलर्ट पर है और सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पटना में 500 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है और पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत 45 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो के जरिए उपद्रवियों को खोज रही है। साथ ही उन यूट्यूबर्स की भी जांच हो रही है जिन पर प्रदर्शन भड़काने का शक है।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। वहीं वामपंथी छात्र संगठनों ने लाठीचार्ज के विरोध में 25 जुलाई को बिहार बंद का ऐलान किया है। इस बीच सीबीआई ने नीट पेपर लीक के मुख्य आरोपी संजीव कुमार को क्लीन चिट दे दी है, जिस पर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने आपत्ति जताई है।