Bihar में नीट पेपर लीक मामले के लिए 3 फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित, पटना, पूर्णिया और लखीसराय में होगी सुनवाई
Bihar: नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के मामलों को जल्द निपटाने के लिए पटना हाईकोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। कोर्ट ने बिहार के तीन जिलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट (FTC) बनाने का फैसला किया है। इसके साथ ही नीट आ
Bihar: नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के मामलों को जल्द निपटाने के लिए पटना हाईकोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। कोर्ट ने बिहार के तीन जिलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट (FTC) बनाने का फैसला किया है। इसके साथ ही नीट आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज 64 मुकदमे वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और जेल में बंद प्रदर्शनकारियों को रिहा करने का आदेश दिया गया है।
ये विशेष अदालतें पटना, लखीसराय और पूर्णिया में स्थापित की जाएंगी। ये कोर्ट ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई करेंगे। नियम के मुताबिक, चार्जशीट दाखिल होने के तीन महीने के भीतर इन मामलों की सुनवाई पूरी करने की उम्मीद है। पटना कोर्ट की अध्यक्षता गौरव सिंह, लखीसराय में सीमा भारती और पूर्णिया में ठाकुर अमन कुमार करेंगे।
कामों का बंटवारा इस तरह किया गया है कि लखीसराय कोर्ट नीट परीक्षा की धांधली के मामलों को देखेगी, जबकि पूर्णिया कोर्ट SSC MTS परीक्षा की अनियमितताओं से जुड़े केस सुनेगी। बिहार सरकार के गृह विभाग ने 27 जुलाई को बयान जारी कर कहा था कि 26 जुलाई की शाम 6 बजे से पहले प्रदर्शन करने वालों पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। इसी के तहत पटना में लोक अभियोजक ने 27 मामलों में केस वापस लेने के लिए आवेदन दिया है।
दूसरी तरफ, सीबीआई ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने BPSC TRE-3 शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामले में एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। यह डॉक्टर नीट पेपर लीक के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के बेटे से जुड़ा बताया जा रहा है। अब तक शिक्षक भर्ती मामले में 296 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।