Bihar के मुजफ्फरपुर में फर्जी बायोमेट्रिक कर्मी बनकर परीक्षा केंद्र में घुसा युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Muzaffarpur: बिहार पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा के दौरान मुजफ्फरपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक युवक खुद को बायोमेट्रिक कर्मी बताकर परीक्षा केंद्र के अंदर घुस गया, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता क
Muzaffarpur: बिहार पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा के दौरान मुजफ्फरपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक युवक खुद को बायोमेट्रिक कर्मी बताकर परीक्षा केंद्र के अंदर घुस गया, लेकिन अधिकारियों की सतर्कता की वजह से उसकी चोरी पकड़ी गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अब उससे पूछताछ की जा रही है.
यह पूरी घटना मिठनपुरा स्थित चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र की है, जहाँ रविवार 28 जून 2026 को परीक्षा चल रही थी. आरोपी युवक का नाम जय प्रकाश कुमार है और वह जमुई जिले का रहने वाला है. जय प्रकाश ने खुद को ‘सायन सियोर’ कंपनी का मुख्य सुरक्षा अधिकारी (CSO) बताया था, जबकि उस केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन का काम ‘टाइम’ नाम की कंपनी कर रही थी. जब असली बायोमेट्रिक टीम को उसके व्यवहार पर शक हुआ, तो उन्होंने उससे कंपनी का आईडी कार्ड और जिला प्रशासन का लेटर मांगा. युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद केंद्राधीक्षक रेखा शर्मा ने तुरंत मिठनपुरा थाना पुलिस को सूचना दी.
थाना प्रभारी अजय कुमार ने आरोपी को हिरासत में लिया और इसकी जानकारी सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी को दी गई. फिलहाल जिला खुफिया इकाई (DIU) की टीम जय प्रकाश से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस परीक्षा रैकेट से जुड़ा है और उसका नेटवर्क कितना बड़ा है.
बता दें कि 28 जून को पूरे बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही. इस दिन राज्य भर में 17 उम्मीदवार कदाचार में शामिल पाए गए, जिनमें से 12 को गिरफ्तार किया गया और 9 जिलों में 11 एफआईआर दर्ज की गईं. केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) ने बताया कि सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और पटना स्थित कमांड सेंटर से रियल टाइम मॉनिटरिंग की वजह से ऐसे फर्जीवाड़े को रोका जा सका.