Bihar में आम महोत्सव का आयोजन, किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने की तैयारी; सहकारिता मंत्री ने दिए निर्देश

Bihar: पटना के बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य सहकारी संघ के परिसर में नाबार्ड (NABARD) द्वारा दो दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया गया है। 25 और 26 जून, 2026 को चलने वाले इस मेले में शहर के लोग सीधे किसानों से रसायन-मुक्त औ

Bihar: पटना के बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य सहकारी संघ के परिसर में नाबार्ड (NABARD) द्वारा दो दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया गया है। 25 और 26 जून, 2026 को चलने वाले इस मेले में शहर के लोग सीधे किसानों से रसायन-मुक्त और पेड़ पर पके आम खरीद सकते हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को बिचौलियों के बिना सीधे ग्राहकों से जोड़ना है।

सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए किसानों से नई तकनीक अपनाने और संगठित होकर बाजार से जुड़ने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों की मजबूती के लिए उनके साथ खड़ी है। मंत्री ने कहा कि नाबार्ड की यह पहल बिहार के आमों की मिठास और क्वालिटी को देशभर में पहचान दिलाने में मदद करेगी।

मंत्री ने बताया कि सहकारिता विभाग ने सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति (PVCS) का गठन किया है। इन समितियों को जल्द ही मल्टी-पर्पस पैक्स (M-PACS) में बदल दिया जाएगा। इस बदलाव के बाद किसान सिर्फ सब्जी ही नहीं, बल्कि फल, फूल, मसाले, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, दूध, बकरी और मुर्गी पालन जैसे कामों से जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें बीज, खाद, भंडारण और ब्रांडिंग की सुविधा भी मिलेगी। आम के बगीचे वाले किसान भी अब PVCS से जुड़ सकेंगे।

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने बताया कि इस महोत्सव से किसानों को यह सीखने को मिलेगा कि ग्राहक क्या पसंद करते हैं और मार्केटिंग कैसे की जाती है। वहीं, बिहार राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार शाही ने किसानों और सहकारिता के कार्यों में पूरा सहयोग देने की बात कही।

बता दें कि इससे पहले 19 जून को कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने भी एक आम महोत्सव में बिहार को कृषि निर्यात का केंद्र बनाने और जल्द ही राज्य की पहली कृषि उत्पाद निर्यात नीति लागू करने की घोषणा की थी। सरकार चाहती है कि किसान उत्पादन से लेकर निर्यात तक की पूरी चेन में अपनी भागीदारी बढ़ाएं।