Bihar में आसमानी बिजली का कहर, दो दिनों में 23 लोगों की मौत; कई जिलों के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

Bihar: राज्य में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और वज्रपात यानी बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। 11 और 12 अगस्त को हुई इन घटनाओं में अब तक कुल 23 लोगों की जान जा चुकी है। मौसम विभाग ने आने वाले

Bihar: राज्य में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और वज्रपात यानी बिजली गिरने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। 11 और 12 अगस्त को हुई इन घटनाओं में अब तक कुल 23 लोगों की जान जा चुकी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सावधानी बरतने की सलाह दी है और कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

11 अगस्त को राज्य के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने से 9 लोग मारे गए थे, जिनमें बांका में पांच, लखीसराय में तीन और पटना में एक व्यक्ति शामिल था। इसके ठीक अगले दिन यानी 12 अगस्त को यह सिलसिला और बढ़ गया और 24 घंटे के भीतर 14 और लोगों की मौत हो गई। इनमें बांका में 5, लखीसराय में 3 और नवादा में 3 लोगों की जान गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन मौतों पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का निर्देश दिया है।

India Meteorological Department (IMD) ने 12 अगस्त को पूर्णिया, सुपौल, सारण और औरंगाबाद समेत 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश हो सकती है। इससे पहले 11 अगस्त को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जैसे 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।

मौसम विभाग ने साफ कहा है कि यह खराब मौसम 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बिजली चमकने और बारिश के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न खड़े हों। सुरक्षित रहने के लिए पक्के मकानों के अंदर रहने की अपील की गई है। नेपाल से सटे इलाकों में तेज बारिश की संभावना है जबकि पटना में बादल छाए रहने और हल्की फुहारें पड़ने के आसार हैं।