Bihar के किशनगंज में प्रतिबंधित लॉटरी गैंग का भंडाफोड़, 1.48 करोड़ के टिकट के साथ बंगाल का तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज : बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लॉटरी चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी
किशनगंज : बिहार के किशनगंज जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लॉटरी चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद हुए हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई थी।
पुलिस ने टाउन थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर इलाके में एक किराए के मकान में छापेमारी की। यहां से 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के कुल 3,19,200 अवैध लॉटरी टिकट और 23,450 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इस छापेमारी दल का नेतृत्व एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज और थानाध्यक्ष मुकेश कुमार कर रहे थे, जिसमें सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।
पकड़े गए तस्कर के खिलाफ किशनगंज थाने में पहले भी अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि इन लॉटरी टिकटों की छपाई पश्चिम बंगाल में की जाती थी और फिर उन्हें बिहार के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
बिहार में ‘बिहार लॉटरी प्रतिबंध अधिनियम 1993’ के तहत ऑफलाइन लॉटरी टिकटों की खरीद-बिक्री और उन्हें अपने पास रखना कानूनी अपराध है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 और बिहार बन ऑन लॉटरी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।