Bihar में प्रसाद खाने से 250 से ज्यादा लोग बीमार, खगड़िया और सहरसा में मची अफरा-तफरी
Bihar: राज्य के खगड़िया और सहरसा जिलों में सत्यनारायण पूजा के प्रसाद खाने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए। दोनों अलग-अलग घटनाओं में 250 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबर है, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल
Bihar: राज्य के खगड़िया और सहरसा जिलों में सत्यनारायण पूजा के प्रसाद खाने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए। दोनों अलग-अलग घटनाओं में 250 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबर है, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया है।
खगड़िया जिले के अमनी पंचायत के हियादतपुर गांव में सोमवार शाम को सुबोध चौधरी के घर सत्यनारायण पूजा का आयोजन हुआ था। यहां करीब 250 लोगों ने प्रसाद खाया था, जिनमें से 165 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। मरीजों को उल्टी, दस्त, चक्कर आने और कमजोरी जैसी समस्याएं हुईं। गांव नदी के पार होने की वजह से पहले बीमार लोगों को नाव से लाया गया और फिर एम्बुलेंस के जरिए खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
वहीं सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सरडीहा गांव में भी ऐसी ही घटना सामने आई। यहां मध्य टोला में आयोजित सत्यनारायण पूजा के दौरान प्रसाद खाने के बाद 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। मरीजों में पेट दर्द, उल्टी और दस्त के लक्षण दिखे। सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल की मेडिकल टीम ने गांव पहुंचकर इलाज किया और कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सहरसा के सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रसाद के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं ताकि बीमारी की असल वजह का पता चल सके। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार मरीजों की निगरानी कर रही हैं।