Bihar के खगड़िया में महिला अमीन की संदिग्ध मौत, किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव
Bihar/Khagaria: खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला अमीन की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। 25 वर्षीय बरखा रानी का शव उनके किराए के मकान में फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पु
Bihar/Khagaria: खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला अमीन की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। 25 वर्षीय बरखा रानी का शव उनके किराए के मकान में फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, बरखा रानी मूल रूप से कटिहार जिले के सेमापुर क्षेत्र के मौलानगर की रहने वाली थीं। वह गोगरी अंचल और DCLR कार्यालय में अमीन के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने साल 2023 में अमीन की परीक्षा पास की थी और फिलहाल तीन दिनों के लिए उनकी ड्यूटी गोगरी अंचल में लगाई गई थी।
यह घटना गोगरी थाना क्षेत्र के छोटी चक स्थित नवीन पंडित के किराए के मकान में हुई। बुधवार सुबह जब घरेलू कामगार ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया और काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला, तब पड़ोसियों और मकान मालिक ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, जहां बरखा रानी का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है। मौके पर FSL टीम भी पहुंची और वैज्ञानिक सबूत जुटाए हैं। खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच के बाद ही साफ होगी।
गोगरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि कमरे की तलाशी ली गई है, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस अब मृतका के मोबाइल फोन की डिटेल्स खंगाल रही है और उनके व्यक्तिगत, पारिवारिक व प्रोफेशनल जीवन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।