Bihar के कटिहार में सिपाही भर्ती फर्जीवाड़ा उजागर, 10 लाख में नौकरी दिलाने का दावा करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

Katihar: बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जी सेटिंग कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दो युवकों को पकड़ा है, जो पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे

Katihar: बिहार के कटिहार जिले में पुलिस ने सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जी सेटिंग कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान दो युवकों को पकड़ा है, जो पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे थे। इनके पास से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के दस्तावेज और कारतूस बरामद हुए हैं।

यह पूरी कार्रवाई 18 जुलाई 2026 की रात करीब 1:10 बजे कुरसेला थाना क्षेत्र के बल्थी महेशपुर में हुई। पुलिस ने एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार सोनू कुमार और साहिल कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह मद्यनिषेध सिपाही भर्ती और बिहार पुलिस सिपाही भर्ती में फर्जी तरीके से चयन कराने का खेल खेल रहा था।

कटिहार के SP परिचय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पटना के सुजीत, पूर्णिया के मिथुन कुमार और संजय कुमार के साथ मिलकर यह रैकेट चला रहे थे। यह गिरोह नौकरी पक्की कराने के नाम पर हर अभ्यर्थी से करीब 10 लाख रुपये तक की मांग करता था। पुलिस ने आरोपियों और उनके घर से 100 से ज्यादा मैट्रिक और इंटर के ओरिजिनल सर्टिफिकेट, कई बैंकों के साइन किए हुए ब्लैंक चेक, 500 रुपये के स्टांप पेपर, छह जिंदा कारतूस और एडमिट कार्ड बरामद किए हैं।

इस मामले में कुरसेला थाना में कांड संख्या 285/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क ने बिहार की अन्य भर्ती परीक्षाओं में कितनी सेंध लगाई है। SP परिचय कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नौकरी दिलाने का वादा करने वाले दलालों और बिचौलियों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।