Bihar में युवाओं के लिए बड़ा प्लान, 5 साल में 50 लाख लोगों को मिलेगा स्किल ट्रेनिंग, जानिए कैसे करें आवेदन

Bihar: बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार के काबिल बनाने के लिए एक बड़ा रोडमैप तैयार किया है। अगले पांच सालों में 50 लाख युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण (Skill Training) देने का लक्ष्य रखा गया है। इस

Bihar: बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार के काबिल बनाने के लिए एक बड़ा रोडमैप तैयार किया है। अगले पांच सालों में 50 लाख युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण (Skill Training) देने का लक्ष्य रखा गया है। इस काम के लिए 16 सरकारी विभाग एक साथ मिलकर काम करेंगे और जरूरत पड़ने पर प्राइवेट कंपनियों की मदद भी ली जाएगी।

सरकार का मुख्य फोकस उन स्किल्स पर है जिनकी मार्केट और इंडस्ट्री में ज्यादा मांग है। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस योजना का पूरा खाका तैयार किया गया है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में ही 4 लाख 65 हजार से ज्यादा युवाओं को ट्रेनिंग देने की तैयारी है।

इस बड़े लक्ष्य को पूरा करने के लिए अलग-अलग स्कीम चलाई जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सबसे बड़ी है, जिसके जरिए 25 लाख युवाओं को कुशल बनाया जाएगा। इसके अलावा टाटा टेक सीओआई, पीएम सेतु और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी जैसे प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे। शिक्षा विभाग भी स्कूलों में करीब 1.42 लाख छात्रों के कौशल विकास पर काम करेगा।

युवाओं के लिए एक खास ‘प्रतिज्ञा’ योजना भी शुरू की गई है। इसमें 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएट युवा आवेदन कर सकते हैं। 18 से 28 साल के युवाओं को करियर गाइडेंस और 3 से 12 महीने की इंटर्नशिप मिलेगी, जिसमें 6,000 से 8,000 रुपये महीना स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। इसके लिए इच्छुक युवा https://cmpratigya.bihar.gov.in/ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रशिक्षण योजना लक्ष्य (युवाओं की संख्या)
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना 25 लाख
कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) 18.37 लाख
डोमेन स्किलिंग 1.22 लाख
टाटा टेक सीओआई 81,520
भर्ती प्रशिक्षण तैनाती (RTD) 70,000
पीएम सेतु योजना 37,200
BS और CFA 36,000
इमर्जिंग टेक्नोलॉजी 21,500
सर्कुलर इकोनॉमी 7,000
ग्रीन इकोनॉमी 5,400

इसके अलावा सरकार राज्य के 75 आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बना रही है और 9 प्रमंडलों में मेगा स्किल सेंटर खोलने की योजना है। कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) के तहत 15 से 28 साल के युवाओं को फ्री में कंप्यूटर और सॉफ्ट स्किल्स की ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसे पूरा करने पर कुछ युवाओं को 1,000 रुपये महीना भत्ता भी मिलता है।