Bihar के गया में सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत, कार और ट्रक की टक्कर के बाद लगी भीषण आग

Bihar/Gaya: गया जिले के डोभी-पटना फोरलेन सड़क पर एक बहुत बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार और खाद से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौ

Bihar/Gaya: गया जिले के डोभी-पटना फोरलेन सड़क पर एक बहुत बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार और खाद से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

यह पूरी घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे सिजुआ गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक सर्विस लेन के रास्ते विपरीत दिशा में फोरलेन पर चढ़ रहा था, तभी डोभी से पटना की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के डीजल टैंक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों की लपटें आसमान छूने लगीं।

हादसे में कार के अंदर फंसे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक बुरी तरह झुलस गया। पुलिस ने घायल चालक को तुरंत मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, टक्कर के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं।

सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और एएसआई नीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से सड़क से जले हुए वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा शुरू किया गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों और घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।