Bihar के बक्सर में खुलेगा पहला ‘गुरुकुलम’, पहली से इंटर तक वेद-विज्ञान और AI की होगी पढ़ाई
Buxar: बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल होने जा रही है। राज्य के बक्सर जिले में पहला ‘गुरुकुलम’ स्थापित किया जाएगा। यहाँ बच्चों को प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक की शिक्षा दी जाए
Buxar: बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल होने जा रही है। राज्य के बक्सर जिले में पहला ‘गुरुकुलम’ स्थापित किया जाएगा। यहाँ बच्चों को प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक की शिक्षा दी जाएगी। इस स्कूल में पहली कक्षा से लेकर इंटर (12वीं) तक की पढ़ाई होगी।
इस गुरुकुलम का मुख्य उद्देश्य वेदों और कर्मकांड जैसे पारंपरिक ज्ञान को विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे आधुनिक विषयों के साथ जोड़ना है। बक्सर सदर क्षेत्र में संत जीयर स्वामी ने इसके लिए पांच एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। स्कूल का निर्माण भी पारंपरिक गुरुकुल के तरीके से ही किया जाएगा।
पढ़ाने के तरीके पर विशेष ध्यान दिया गया है। शिक्षा विभाग की योजना है कि बच्चों को पढ़ाने के लिए दक्षिण भारत से शिक्षक बुलाए जाएं। इस काम में कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य और बैंगलोर स्थित सत्य साईं संस्थान ने शिक्षकों की मदद का भरोसा दिया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि इस परियोजना के प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। विभाग ने बक्सर जिला प्रशासन को भी इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने का पत्र लिख दिया है। बिहार सरकार की योजना है कि आने वाले समय में हर प्रमंडल में ऐसे आधुनिक गुरुकुल विद्यापीठ और इंटीग्रेटेड स्कूल खोले जाएं।