Bihar के दरभंगा में कर्ज और प्रताड़ना से तंग ई-रिक्शा चालक ने की आत्महत्या, 3 बच्चे हुए अनाथ
Bihar/Darbhanga : दरभंगा के बेंता थाना क्षेत्र के दोनार गंगासागर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 29 वर्षीय ई-रिक्शा चालक जितेंद्र साह ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद
Bihar/Darbhanga : दरभंगा के बेंता थाना क्षेत्र के दोनार गंगासागर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 29 वर्षीय ई-रिक्शा चालक जितेंद्र साह ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद उनके तीन छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र अपनी पत्नी के इलाज के लिए अमित सहनी नाम के एक सूदखोर से एक लाख रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि कर्ज की वसूली के लिए सूदखोर और उसके आदमी जितेंद्र को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि उन्हें इतना अपमानित किया गया कि बच्चों के सामने चप्पल से उनकी पिटाई भी की गई, जिससे तंग आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
गुरुवार को DMCH में पोस्टमार्टम होने के बाद गुस्साए परिजनों ने दोनार-कोतवाली चौक पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी सूदखोर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लिखित आवेदन मिलने पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
बेंता थाना प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।