Bihar के दरभंगा में चोटी कटवा का खौफ, 8 दिन में दो महिलाओं के काटे बाल, गांव में दहशत
Bihar/Darbhanga : दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में पिछले आठ दिनों के भीतर बाल काटने की दो रहस्यमयी घटनाओं ने लोगों के बीच डर पैदा कर दिया है. इन वारदातों में महिलाओं के बाल काटे गए हैं और घर से सामान की
Bihar/Darbhanga : दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में पिछले आठ दिनों के भीतर बाल काटने की दो रहस्यमयी घटनाओं ने लोगों के बीच डर पैदा कर दिया है. इन वारदातों में महिलाओं के बाल काटे गए हैं और घर से सामान की लूटपाट भी हुई है. गांव के लोग इस बात से डरे हुए हैं कि अपराधी आखिर कौन हैं और किस मकसद से ऐसा कर रहे हैं.
पहली घटना 9 जुलाई को एक होम्योपैथिक डॉक्टर के घर हुई थी. इसमें डॉक्टर की बहू करिश्मा कुमारी के साथ मारपीट की गई और उन्हें इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया गया. इसके बाद उनके बाल काटे गए और लाखों के गहने और नकदी लूट ली गई. वहीं दूसरी घटना 17 जुलाई को एक शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर हुई, जहां उनकी बेटी आकांक्षा उर्फ छोटी के बाल कैंची से काट दिए गए और घर से 2000 रुपये चोरी हुए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने 19 जुलाई को डरहार गांव का दौरा किया. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और दरभंगा पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. मंत्री ने बताया कि गांव में सीसीटीवी कैमरों की कमी है, जिससे पुलिस को जांच में मुश्किल आ रही है क्योंकि अपराधी कोई सुराग नहीं छोड़ रहे हैं.
सदर एसडीपीओ राजीव कुमार और बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है. पुलिस इस मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद ले रही है. पुलिस का मानना है कि यह चोरी की कोशिश हो सकती है और उन्हें किसी साइको प्रवृत्ति के व्यक्ति के शामिल होने का शक है. पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई है जो बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
गांव वालों का कहना है कि दोनों घटनाएं गुरुवार की रात को हुईं और दोनों में नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया गया. ग्रामीण अब पुलिस से गांव में गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.