Bihar में नीट प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में विधायक संदीप सौरभ गिरफ्तार, 14 दिन की जेल
Bihar: पटना में नीट पेपर लीक के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भाकपा (माले) के विधायक संदीप सौरभ को हिंसा भड़काने के आरोप में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने उन्हें 1
Bihar: पटना में नीट पेपर लीक के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भाकपा (माले) के विधायक संदीप सौरभ को हिंसा भड़काने के आरोप में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया है।
यह पूरा मामला 22 जुलाई 2026 को हुआ था, जब नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आईसा (AISA) ने पटना में प्रदर्शन किया था। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया और भाजपा नेताओं पर हमला किया गया। भाजपा नेता नीरज कुमार ने सचिवालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें विधायक संदीप सौरभ पर जानलेवा हमला करने, मारपीट करने और गाड़ी तोड़कर नकदी व गहने लूटने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
विधायक संदीप सौरभ के साथ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को एक साजिश के तौर पर देख रही है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कर रही है। अब तक इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और सैकड़ों लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बिहार सरकार ने जिला प्रशासन और पुलिस को निर्देश दिया है कि वे इस स्थिति को संवेदनशीलता से संभालें। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अधिकारियों से कहा है कि कानून-व्यवस्था बनी रहे और निर्दोष छात्रों को कोई परेशानी न हो। वहीं, पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतों को सुलझाने की बात कही है।
सुरक्षा के मद्देनजर पटना जंक्शन और अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने साफ किया है कि बिहार बंद के आह्वान के बावजूद स्कूल, कॉलेज और दुकानें खुले रहेंगे। अगर कोई जबरन दुकान या संस्थान बंद कराने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शनिवार, 25 जुलाई 2026 को छात्र संगठनों ने बिहार बंद का आह्वान किया है, जिसके कारण पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।