Bihar में एक्सप्रेसवे और हाईवे का जाल बिछेगा, CM सम्राट चौधरी और नितिन गडकरी ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर लगाई मुहर

Bihar: राज्य की सड़कों की सूरत बदलने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस बैठक में बिहार के कई हाईवे और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है, जिससे आने वाले समय

Bihar: राज्य की सड़कों की सूरत बदलने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस बैठक में बिहार के कई हाईवे और एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है, जिससे आने वाले समय में राज्य में सफर करना आसान होगा और औद्योगिक विकास को रफ्तार मिलेगी। इस दौरान बिहार के पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र और विभाग के बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य रूप से गोरखपुर-सिलीगुड़ी, रक्सौल-हल्दिया और बक्सर-भागलपुर जैसे बड़े एक्सप्रेसवे पर चर्चा हुई और उनके काम को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। बिहार सरकार ने केंद्र से पुराने फोरलेन हाईवे को सिक्स लेन में बदलने का प्रस्ताव भी रखा है। साथ ही, जमीन अधिग्रहण और वन विभाग की मंजूरी की वजह से जो प्रोजेक्ट रुके हुए थे, उन्हें जल्द पूरा करने का फैसला लिया गया है। NHAI के जो प्रोजेक्ट अतिक्रमण की वजह से फंसे थे, उनका समाधान भी निकाल लिया गया है।

राज्य की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए लगभग 15,000 करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं की रिपोर्ट तैयार कर केंद्र को भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने इन प्रोजेक्ट्स के लिए बजट जल्द जारी करने का अनुरोध किया है।

परियोजना का नाम विवरण/योजना
बाइपास निर्माण समस्तीपुर, औरंगाबाद और बेतिया में नए बाइपास बनेंगे
जयनगर प्रोजेक्ट कमला नदी पर दो नए पुल और एक बाइपास (लागत 2,200 करोड़ से अधिक)
रेलवे ओवरब्रिज (ROB) सफिया सराय, डुमरांव, जहानाबाद और विक्रमगंज में निर्माण
सड़क चौड़ीकरण जहानाबाद और अरवल को जोड़ने वाली सड़कों पर 82 करोड़ का खर्च
सड़क नवीनीकरण केंदुई से मुरहरा तक 20 किमी सड़क पर 35 करोड़ का खर्च
राम जानकी मार्ग मसरख-चकिया-भिट्ठामोड़ (146 किमी) के लिए 8,671.80 करोड़ की रिपोर्ट
अन्य पथ अरवल-बिहारशरीफ पथ परियोजना पर विशेष चर्चा

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि इन फैसलों से जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार की इन परियोजनाओं में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अनुसार, बेहतर सड़कों से राज्य में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।