Bihar में अब आम लोग भी कर सकेंगे हेलीकॉप्टर की सैर, CM सम्राट चौधरी ने शुरू की हेली-टूरिज्म सेवा

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना हवाई अड्डे से ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने राज्य हैंगर का उद्घाटन किया और बिहार

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना हवाई अड्डे से ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने राज्य हैंगर का उद्घाटन किया और बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र दिए। अब राज्य के लोग किफायती दाम पर हेलीकॉप्टर से शहर और पर्यटन स्थलों की सैर कर सकेंगे।

इस योजना का मकसद आम नागरिकों को हवाई यात्रा का अनुभव देना और राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देना है। बिहार सरकार इस सेवा को सस्ता बनाने के लिए प्रति टिकट 15,422 रुपये तक की सब्सिडी दे रही है। यह सेवा हर शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। इच्छुक लोग बिहार पर्यटन विभाग के पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर जाकर अपनी बुकिंग कर सकते हैं।

पटना शहर की खूबसूरती देखने के लिए 10 मिनट की ‘पटना स्काईलाइन’ राइड शुरू की गई है, जिसका किराया प्रति व्यक्ति 2,100 रुपये है। इस राइड में पर्यटक 1200 फीट की ऊंचाई से गंगा नदी, जेपी गंगा पथ और तख्त श्री हरिमंदिर साहिब जैसे प्रमुख स्थलों को देख सकेंगे। यह सेवा हर 30 मिनट पर मिलेगी और दिन भर में चार जॉयराइड संचालित की जाएंगी।

पटना के अलावा अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी किराया तय किया गया है:

गंतव्य स्थान किराया (प्रति व्यक्ति) विशेष विवरण
राजगीर 4,000 रुपये शनिवार और रविवार
वाल्मीकि नगर 5,000 रुपये एक तरफ का किराया
माँ मुंडेश्वरी मंदिर (कैमूर) 6,000 रुपये शनिवार और रविवार

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल पर्यटकों को सुरक्षित और रोमांचक अनुभव देगी। उन्होंने बिहार के लोगों से राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दुनिया तक पहुँचाने की अपील की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद थे। सरकार ने बताया कि हवाई यात्रा के साथ मुफ्त टूरिस्ट गाइड की सुविधा मिलेगी, लेकिन खाना और रुकने का खर्च पर्यटकों को खुद उठाना होगा।