Bihar के शिवहर को बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी ने 330 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन

शिवहर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले का दौरा किया और करीब 330 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के लोगों को बाढ़ से राहत दिलाने और खेती-किसानी को बढ

शिवहर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले का दौरा किया और करीब 330 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जिले के लोगों को बाढ़ से राहत दिलाने और खेती-किसानी को बढ़ावा देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में राज्य के कई बड़े मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे।

इस पूरे दौरे का मुख्य आकर्षण बागमती और बूढ़ी गंडक नदी को जोड़ने वाली इंटरलिंक परियोजना के तहत बना ‘बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल’ रहा। 68.80 किलोमीटर लंबे इस चैनल को बनाने में 130.88 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह चैनल बागमती नदी के फालतू पानी को बूढ़ी गंडक नदी तक ले जाएगा। इससे बाढ़ के समय पानी का सही प्रबंधन हो सकेगा और बाढ़ की मार कम होगी।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जानकारी दी कि इस प्रोजेक्ट से मुजफ्फरपुर, शिवहर और सीतामढ़ी जिलों को बाढ़ से छुटकारा मिलेगा। वहीं शिवहर, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से करीब 8.5 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा और जमीन के नीचे पानी का स्तर भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने शिवहर में कुल 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत लगभग 200 करोड़ रुपये है। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन किया गया और 18 नई योजनाओं की नींव रखी गई। इसके अलावा, जीविका स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए 4550 समूहों को 25 करोड़ 35 लाख रुपये के सांकेतिक चेक भी दिए गए।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे और बेलवाघाट इलाके को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया था।