Bihar में अब आसमान से दिखेगा पटना, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुरू की ‘पटना जॉय राइड’ सेवा

Bihar: पटना के लोगों और पर्यटकों के लिए अब शहर को ऊपर से देखने का सपना पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार, 18 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे स्टेट हैंगर से ‘पटना जॉय राइड’ की औपचारिक शुरुआत की। यह

Bihar: पटना के लोगों और पर्यटकों के लिए अब शहर को ऊपर से देखने का सपना पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार, 18 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे स्टेट हैंगर से ‘पटना जॉय राइड’ की औपचारिक शुरुआत की। यह सेवा ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली पर्यटन और एयर पर्यटन योजना-2026’ का हिस्सा है, जिसका मकसद बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को हवाई सफर का अनुभव कराना है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे। यह पूरी सेवा बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) और नागरिक उड्डयन विभाग मिलकर चला रहे हैं। उद्घाटन के पहले दिन ही 20 पर्यटक इस राइड का आनंद लेंगे, जबकि अब तक करीब 80 लोग अपनी सीटें बुक कर चुके हैं।

पटना जॉय राइड के तहत पर्यटक सिर्फ 10 मिनट की हवाई यात्रा में पटना के मशहूर नजारों को देख सकेंगे। इसमें गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, गांधी मैदान और गोलघर जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। यह सेवा हर शनिवार और रविवार को दोपहर 3 बजे के बाद पटना एयरपोर्ट के पास से चलेगी। हर 30 मिनट में एक उड़ान होगी और एक हेलीकॉप्टर में अधिकतम पांच यात्री बैठ सकेंगे।

इस योजना के जरिए पटना को राज्य के अन्य पर्यटन केंद्रों से भी जोड़ा गया है, जिसकी जानकारी नीचे दी गई है:

रूट (मार्ग) किराया (प्रति व्यक्ति)
पटना जॉय राइड (10 मिनट) ₹2,100
पटना से राजगीर ₹4,000
पटना से वाल्मीकिनगर ₹5,000
पटना से कैमूर (मां मुंडेश्वरी मंदिर) ₹6,000

सरकार इस हवाई सेवा को आम लोगों की पहुंच में लाने के लिए प्रति टिकट ₹15,422 तक की सब्सिडी दे रही है। जो लोग इस सेवा का लाभ उठाना चाहते हैं, वे बिहार पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.tourism.bihar.gov.in या booking.tourism.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।