Bihar के छपरा में 32 महीने की नौकरी में करोड़पति बना DPO, पत्नी के नाम खरीदी लाखों की जमीन
Bihar/Chapra: सारण जिले के शिक्षा विभाग में तैनात एक अधिकारी की संपत्ति को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। माध्यमिक शिक्षा, नियोजन और लेखा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत कुमार हरिजन पर अपनी आय से कहीं ज्यादा संपत्त
Bihar/Chapra: सारण जिले के शिक्षा विभाग में तैनात एक अधिकारी की संपत्ति को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। माध्यमिक शिक्षा, नियोजन और लेखा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अजीत कुमार हरिजन पर अपनी आय से कहीं ज्यादा संपत्ति बनाने का आरोप है। जांच में पता चला है कि वह महज 32 महीने की नौकरी में करोड़पति बन गए और उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर लाखों की जमीन खरीदी है।
यह पूरा मामला अगस्त 2023 से अप्रैल 2026 के बीच का है। इस दौरान अजीत कुमार हरिजन की कुल सरकारी सैलरी करीब 27.43 लाख रुपये थी, लेकिन उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 2.51 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन पाया गया। जांच कमेटी का अनुमान है कि उनकी अवैध कमाई 3 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है।
अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने एक वेंडर रवि कुमार राम से शिक्षा विभाग में काम दिलाने के बदले 12.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। वेंडर ने उन्हें 10.70 लाख रुपये कैश और 1,03,480 रुपये डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए दिए। इसके अलावा, उन्होंने एकमा ब्लॉक में अपनी पत्नी पूजा कुमारी के नाम पर करीब 120 कट्ठा जमीन खरीदी, जिसकी कीमत लगभग 41.50 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से एक मकान भी बनवाया है।
उप विकास आयुक्त (DDC) की अगुवाई वाली पांच सदस्यीय कमेटी ने अपनी रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट (DM) को सौंप दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह मामला बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली का उल्लंघन है। डीएम अब इस रिपोर्ट को राज्य मुख्यालय भेजेंगे ताकि विभागीय और कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सके। कमेटी ने परिवार के अन्य सदस्यों के बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच करने की सिफारिश की है।