Bihar के सबौर में सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, प्रखंड कार्यालय के सामने से हटा अवैध कब्जा

Bihar/Bhagalpur: भागलपुर जिले के सबौर में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सबौर प्रखंड कार्यालय के सामने लंबे समय से बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। इस

Bihar/Bhagalpur: भागलपुर जिले के सबौर में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सबौर प्रखंड कार्यालय के सामने लंबे समय से बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

यह पूरी मुहिम सबौर अंचलाधिकारी (CO) सौरभ कुमार के नेतृत्व में चलाई गई। प्रशासन ने पहले अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी थी, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद बलपूर्वक कार्रवाई की गई। इस दौरान सुरक्षा के लिए सबौर थाना अध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल के साथ स्थानीय पुलिस बल और 40वीं बटालियन के जवान मौके पर तैनात रहे। अमीन महादेव दास ने जमीन की पैमाइश कर अवैध निर्माणों की पहचान की थी।

प्रशासन ने पाया कि कई लोगों ने सड़क की जमीन पर छज्जे निकालकर अतिक्रमण किया था, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी। इस मामले में लालमुनी मंडल, तेज नारायण मंडल, दिलीप मंडल, तारा देवी, बनवारी साह, सुदामा मंडल, सुनील मंडल, बैसाखी पासवान और पंकज पासवान जैसे नौ लोगों की पहचान की गई। इनमें से कुछ लोगों ने दो दिन का समय मांगा था और लिखित सहमति भी दी थी, लेकिन निर्धारित समय के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई।

CO सौरभ कुमार ने साफ कहा है कि सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खुद ही सरकारी जमीन खाली कर दें ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर आगे भी जेसीबी से कार्रवाई करनी पड़ी और उस दौरान किसी के मकान का दूसरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। सरकारी आदेश की अनदेखी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।