Bihar में सड़क हादसे में 2 की मौत, भागलपुर-मुंगेर फोरलेन पर हाईवा और पिकअप की टक्कर
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर-सुल्तानगंज-मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बेगूसराय और खगड़िया जिले के दो युवकों की जान चली गई। हादसा सुलतानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया गा
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर-सुल्तानगंज-मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बेगूसराय और खगड़िया जिले के दो युवकों की जान चली गई। हादसा सुलतानगंज थाना क्षेत्र के गनगनिया गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और सब्जी लदी पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वैन में सवार गुलशन कुमार (25 वर्ष) और सुमन कुमार (23 वर्ष) बेगूसराय मंडी से परवल और बैंगन लोड कर भागलपुर जा रहे थे। गुलशन कुमार बेगूसराय के मंसूरचक के रहने वाले थे और गाड़ी के खलासी थे, जबकि सुमन कुमार खगड़िया के मथुरापुर काली स्थान के निवासी थे और गाड़ी चला रहे थे। दोनों आपस में मामा-भांजा थे।
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को वाहन से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पुलिस अब फरार हाईवा चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस सड़क पर लगातार हो रहे हादसों पर गहरी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी मार्ग पर चार लोगों की मौत हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, फोरलेन का काम अभी आखिरी दौर में है, जिसकी वजह से कई जगहों पर डायवर्जन बनाया गया है। एक ही लेन में दोनों तरफ से गाड़ियां चलने और तेज रफ्तार के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।