Bihar के Begusarai में दो Scorpio की जोरदार टक्कर, 4 युवकों की मौत, कई घायल

Begusarai: बिहार के बेगूसराय जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहाँ दो तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में एक घायल चालक ने भी दम तोड़ दिया, जिस

Begusarai: बिहार के बेगूसराय जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहाँ दो तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में एक घायल चालक ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों की कुल संख्या चार पहुँच गई है। इस हादसे में नौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

यह दुर्घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास NH-31 पर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ियों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया।

जानकारी के मुताबिक, पोखरिया गांव के छह युवक एक स्कॉर्पियो से सिमरिया घाट गंगा स्नान करने जा रहे थे और उसके बाद जन्मदिन मनाने की योजना थी। वहीं दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से विनोदपुर बारात लेकर लौट रही थी, जिसमें छह लोग सवार थे। तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

मृतकों की पहचान ऋषभ कुमार (26), सन्नी कुमार (24), हिमांशु कुमार (22) और सिकंदर महतो के रूप में हुई है। घायलों में रुपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं दूसरी गाड़ी के विकास, राजा, प्रियांशु, लक्ष्मण, प्रिंस और ज्योतिष का इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता चल सके।