Bihar के बगहा में घर के अंदर घुसा 10 फीट लंबा किंग कोबरा, रेस्क्यू के दौरान ‘स्नेक लेडी’ को सांप ने काटा
Bihar/West Champaran: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा इलाके में एक घर में 10 फीट लंबा किंग कोबरा निकलने से हड़कंप मच गया। यह घटना वाल्मीकि नगर के विशाहा गांव की है, जहां मुन्नी लाल तिवारी के घर में यह खतरनाक सांप घुस आया था।
Bihar/West Champaran: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा इलाके में एक घर में 10 फीट लंबा किंग कोबरा निकलने से हड़कंप मच गया। यह घटना वाल्मीकि नगर के विशाहा गांव की है, जहां मुन्नी लाल तिवारी के घर में यह खतरनाक सांप घुस आया था। सूचना मिलने पर इलाके की मशहूर ‘स्नेक लेडी’ जानकी देवी ने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे जंगल में छोड़ दिया।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एक गंभीर हादसा हुआ। जब जानकी देवी सांप को गले में लपेटकर फोटो और वीडियो खिंचवा रही थीं, तब किंग कोबरा ने उनके हाथ पर काट लिया। इस घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए त्रिवेणी, नेपाल के एक मिलिट्री कैंप में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकी देवी 12 साल की उम्र से सांपों को पकड़ने का काम कर रही हैं और इस दौरान वह कई बार सांपों का शिकार हुई हैं।
वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व के फॉरेस्ट रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि मानसून और मौसम बदलने के दौरान सांप अक्सर सूखे और सुरक्षित ठिकानों की तलाश में घरों में घुस आते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर घर में सांप दिखे तो उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें। इसकी जगह तुरंत वन विभाग या किसी प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को जानकारी दें।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि किंग कोबरा दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक है और इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जिससे तुरंत इलाज न मिलने पर जान जा सकती है। साथ ही वन्यजीव विशेषज्ञों ने यह भी कहा कि सांप पर्यावरण के लिए जरूरी हैं क्योंकि वे चूहों की आबादी को कंट्रोल करते हैं, इसलिए उन्हें मारने के बजाय सुरक्षित जगह शिफ्ट करना चाहिए।