Bihar विधानसभा में विधायकों को मिलेगा AI का प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया जरूरी

Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार विधानसभा के विधायकों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की समझ और ट्रेनिंग को बहुत जरूरी बताया है। उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि विधानसभा में इसके लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएं ताक

Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार विधानसभा के विधायकों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की समझ और ट्रेनिंग को बहुत जरूरी बताया है। उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि विधानसभा में इसके लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएं ताकि जनप्रतिनिधि नई तकनीक को सीख सकें। मुख्यमंत्री का मानना है कि इससे शासन व्यवस्था पहले से ज्यादा पारदर्शी और असरदार बनेगी।

शनिवार, 11 जुलाई 2026 को बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में विधायकों के दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती इस बात पर निर्भर करती है कि जनप्रतिनिधि कितने सक्रिय और जवाबदेह हैं। सम्राट चौधरी ने विधायकों से अपील की कि वे संसदीय प्रक्रियाओं का पूरा इस्तेमाल करें और जनता की समस्याओं को सही तरीके से सरकार तक पहुंचाएं।

तकनीक के महत्व पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र किया और बताया कि उनके नेतृत्व में देश में डिजिटल तकनीक का काफी विस्तार हुआ है, जिससे आम लोगों की जिंदगी बदली है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीक का असर और बढ़ेगा, इसलिए विधायकों को भी खुद को इसके हिसाब से तैयार करना होगा।

बता दें कि इससे पहले 23 मई 2026 को ‘बिहार एआई समिट-2026’ के दौरान भी मुख्यमंत्री ने एआई को जीवन का अहम हिस्सा बताया था। उन्होंने सभी सरकारी विभागों को इसका ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने को कहा था। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिहार को एआई हब बनाने के लिए राज्य सरकार जल्द ही एक नई एआई नीति लेकर आएगी।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधायकों को एक नया काम भी सौंपा है। उन्होंने सभी विधायकों से कहा है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए अगले पांच साल का एक विस्तृत विकास रोडमैप तैयार करें। साथ ही उन्होंने आगामी मानसून सत्र में सक्रिय रहने और जनता से सीधा संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।