Bhopal ATM कांड: बिहार से मास्टरमाइंड अभिषेक सिंह गिरफ्तार, बैंक कर्मी से सीखी थी चोरी की ट्रिक
MP/Bhopal: भोपाल के शाहपुरा इलाके में एटीएम से पैसे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस पूरे कांड के मास्टरमाइंड और ट्रेनर अभिषेक कुमार सिंह को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अभिषेक ही गै
MP/Bhopal: भोपाल के शाहपुरा इलाके में एटीएम से पैसे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस पूरे कांड के मास्टरमाइंड और ट्रेनर अभिषेक कुमार सिंह को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अभिषेक ही गैंग के सदस्यों को एटीएम से पैसे निकालने की ट्रेनिंग देता था और उन्हें मास्टर-की उपलब्ध कराता था।
शाहपुरा पुलिस ने 11 जुलाई 2026 को अभिषेक सिंह को दबोचा, जिसके बाद स्थानीय कोर्ट से उसे 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरू में खुद को होटल चलाने वाला बताया और अपना पता छिपाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने छपरा बाईपास पर होटल चलाने की बात कबूली। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये मास्टर-की कहां से आई और क्या इसमें डार्क वेब का कोई हाथ है।
इस गैंग का तरीका बहुत शातिर था। ये लोग SBI के एटीएम को निशाना बनाते थे, खासकर शाहपुरा, कोलार और अशोका गार्डन जैसे इलाकों में। आरोपी प्लास्टिक स्ट्रिप और मास्टर-की की मदद से एटीएम के लॉक या कैश प्लेट के साथ छेड़छाड़ करते थे। जब कोई ग्राहक पैसे निकालता था, तो पैसे मशीन के अंदर ही फंस जाते थे। ग्राहक को लगता था कि मशीन खराब है और वह चला जाता था, जिसके बाद आरोपी अपने औजारों से फंसे हुए पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने पिछले 10-15 दिनों में करीब 11 से 20 लाख रुपये की चोरी की है। इस गैंग में अलग-अलग बैकग्राउंड के लोग शामिल थे ताकि किसी को शक न हो। इसमें गया का रहने वाला विपुल कुमार उर्फ सोनू गैंग का लीडर था, जो भोपाल के एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र रह चुका है। इसके अलावा RGPV के छात्र प्रिंस गुप्ता, मोहम्मद सागिर, आसिफ आलम, साहिल अली और साकेत खेतान भी इस गिरोह का हिस्सा हैं।
जांच में सामने आया कि अभिषेक सिंह ने मुजफ्फरपुर के भगवानपुर में बेरोजगार युवाओं के लिए दो दिन का ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया था। उसने बिहार के ही एक प्राइवेट बैंक कर्मी से एटीएम से पैसे निकालने की यह ट्रिक सीखी थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बैंक कर्मचारियों के साथ किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।