Bhagalpur में शादी के 3 साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत 5 पर जहर देने का आरोप

Bhagalpur: तातारपुर थाना क्षेत्र के काजीवलीचक मोहल्ले में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। रेशमा नाम की इस महिला को गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी जान च

Bhagalpur: तातारपुर थाना क्षेत्र के काजीवलीचक मोहल्ले में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। रेशमा नाम की इस महिला को गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा है।

मृतका रेशमा की शादी 14 जनवरी 2023 को इम्तियाज के साथ हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद तक तो सब ठीक था, लेकिन फिर दहेज को लेकर रेशमा को प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों ने बताया कि पति इम्तियाज के पास कोई पक्की नौकरी नहीं थी और वह अक्सर पैसों की मांग करता था, साथ ही रेशमा के साथ मारपीट भी करता था।

परिजनों ने पति इम्तियाज, सास, दो ननद और एक नंदोई पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि जब मायके वाले मायागंज अस्पताल पहुंचे, तब डॉक्टरों ने जहर खाने से मौत की बात कही। इसी बीच आरोपी पति इम्तियाज अस्पताल से फरार हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तातारपुर पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।