Bhagalpur में विक्रमशिला सेतु के बेली ब्रिज पर भारी जाम, घंटों इंतजार कर रहे लोग
Bhagalpur: विक्रमशिला सेतु पर बने अस्थायी बेली ब्रिज से गाड़ियां चलना तो शुरू हो गई हैं, लेकिन आम लोगों के लिए यह राहत के बजाय मुसीबत बन गया है। पुल पर लागू की गई वन-वे व्यवस्था की वजह से ट्रैफिक की स्थिति बहुत खराब है।
Bhagalpur: विक्रमशिला सेतु पर बने अस्थायी बेली ब्रिज से गाड़ियां चलना तो शुरू हो गई हैं, लेकिन आम लोगों के लिए यह राहत के बजाय मुसीबत बन गया है। पुल पर लागू की गई वन-वे व्यवस्था की वजह से ट्रैफिक की स्थिति बहुत खराब है। हालात यह हैं कि बेली ब्रिज के छोटे से हिस्से को पार करने में ही लोगों को 25 से 30 मिनट लग रहे हैं, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
पुल पर गाड़ियां इतनी धीमी रफ्तार से चल रही हैं कि पीछे खड़े चालकों को भीषण धूप में दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। यातायात पुलिस ने बताया कि सुरक्षा कारणों से बेली ब्रिज से एक बार में केवल दो से तीन वाहनों को ही जाने दिया जा रहा है। इस नियंत्रित व्यवस्था के कारण भागलपुर और नवगछिया दोनों छोर पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक स्थिति काफी गंभीर रही। बरारी यातायात प्रभारी सुनील कुमार के मुताबिक, रविवार के मुकाबले सोमवार को चारपहिया वाहनों, मोटरसाइकिल और पैदल चलने वालों की भीड़ अचानक बढ़ गई, जिससे ट्रैफिक संभालना मुश्किल हो गया।
प्रशासन ने बेली ब्रिज के लिए कुछ कड़े नियम तय किए हैं ताकि सुरक्षा बनी रहे। इस पुल पर केवल दोपहिया, चारपहिया, हल्के मोटर वाहन (LMV) और पिकअप वैन ही जा सकते हैं। 10 टन तक के वजन वाले वाहनों को अनुमति दी गई है, जबकि बसों और ट्रकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। सुरक्षा के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है और ओवरटेकिंग पर पूरी तरह रोक है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी (DM) नवल किशोर चौधरी ने कहा था कि लोगों को पुल पार करने में 10 से 15 मिनट का समय लग सकता है। वहीं, सड़क निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने BRO और अन्य अधिकारियों को काम पूरा करने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि मुख्य पुल की मरम्मत का काम 30 नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। पुल के रखरखाव के लिए रात में एक घंटे का ब्लॉक भी लगाया जा रहा है।