Bhagalpur में श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, DM और SSP ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस
Bhagalpur: भागलपुर में श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा र
Bhagalpur: भागलपुर में श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले इस मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने खुद मैदान में उतरकर तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है।
31 जुलाई को डीएम और एसएसपी ने अपर समाहर्ता और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। इस दौरान कहलगांव के ऐतिहासिक बटेश्वर स्थान मंदिर परिसर, गंगा घाटों, तीन पहाड़ गंगा किनारा और घोंघा-ऐकचारी वेना पुल जैसे इलाकों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी काम समय सीमा के भीतर पूरे हों ताकि श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।
सुरक्षा के लिहाज से इस बार काफी कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांवरिया पथ और गंगा घाटों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यातायात को सुगम बनाने के लिए सुलतानगंज मार्ग और देवघर ट्रेक मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। साथ ही विक्रमशिला पुल पर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क पर चूना और सफेद पेंट का छिड़काव किया जाएगा ताकि नंगे पांव चलने वालों को राहत मिले। बिजली, पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चौबीसों घंटे व्यवस्था रहेगी। प्रशासन ने इसके लिए एक विशेष ऐप और जिंगल के जरिए प्रचार की भी योजना बनाई है। सुरक्षा के लिए भागलपुर में 6 डीएसपी, 60 पुलिस अधिकारी और 1,500 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं, जबकि बांका और भागलपुर मिलाकर कुल 3,300 से ज्यादा अतिरिक्त जवान ड्यूटी पर रहेंगे।
तैयारियों के बीच जिलाधिकारी ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया है। 30 जुलाई को नमामि गंगे घाट पर 80 के बजाय सिर्फ 25 चौकीदारों के मिलने और कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताई। इस मामले में पांच अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।