Bhagalpur में NEET प्रोटेस्ट को लेकर पुलिस अलर्ट, सड़कों पर उतरे SDM और DSP

Bhagalpur: नीट परीक्षा में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट रहा है। भागलपुर में अलग-अलग छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले में कानून

Bhagalpur: नीट परीक्षा में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट रहा है। भागलपुर में अलग-अलग छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील जगहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम और डीएसपी खुद सड़कों पर उतरकर निगरानी कर रहे हैं। भागलपुर के एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सिटी डीएसपी अजय चौधरी के नेतृत्व में समाहरणालय गेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जहां छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

23 जुलाई को कांग्रेस, युवा कांग्रेस और अन्य छात्र संगठनों ने समाहरणालय गेट पर प्रदर्शन किया। इन प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और नीट पेपर लीक की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसी तरह तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) में सोशलिस्ट स्टूडेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) ने दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया।

बिहार के अन्य जिलों में स्थिति तनावपूर्ण रही है। पटना, दरभंगा, बेगूसराय और कटिहार जैसे शहरों में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए, जहां पथराव और पुलिस लाठीचार्ज की खबरें आईं। पटना में 40 से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिया गया है, जबकि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में राज्यभर में 600 से अधिक अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरभंगा में पथराव के दौरान सिटी एसपी अशोक कुमार घायल हो गए। इन घटनाओं को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं।