Bhagalpur में JDU सांसद अजय कुमार मंडल की बढ़ेंगी मुश्किलें, पत्रकारों से मारपीट मामले में SSP ने DM से मांगी मंजूरी

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर से जदयू सांसद अजय कुमार मंडल की कानूनी परेशानी फिर से बढ़ने वाली है। पिछले साल पत्रकारों के साथ मारपीट और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने अपनी जांच पूरी कर ली है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर से जदयू सांसद अजय कुमार मंडल की कानूनी परेशानी फिर से बढ़ने वाली है। पिछले साल पत्रकारों के साथ मारपीट और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने अपनी जांच पूरी कर ली है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है।

यह पूरा मामला 29 जनवरी 2025 का है, जब हवाई अड्डा मैदान के पास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित दौरे की तैयारियों को कवर कर रहे पत्रकारों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि सांसद अजय कुमार मंडल ने पत्रकार कुणाल शेखर और सुमित कुमार के साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन छीनकर उन्हें फॉर्मेट कर दिया। इस घटना के बाद 30 जनवरी 2025 को तिलकामांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने 31 जनवरी 2025 को भागलपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रकाश कुमार रॉय की अदालत में सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। अब जून 2026 में पुलिस की जांच पूरी हो चुकी है और जांच अधिकारी राजेशवर सिंह की रिपोर्ट में सांसद के खिलाफ लगे आरोपों को सही पाया गया है।

भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 352, 351(2)(3) और 3(5) के तहत आरोपों की पुष्टि की है। एसएसपी ने जिला मजिस्ट्रेट (DM) को पत्र लिखकर अभियोजन की स्वीकृति मांगी है। जैसे ही डीएम की तरफ से मंजूरी मिलेगी, सांसद के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।