Bhagalpur में बिल्डर बजरंगी की हत्या का खुलासा, गर्लफ्रेंड ने कबूला जुर्म; 10 साल के रिश्ते और प्रताड़ना के बाद उतारा मौत के घाट
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में बिल्डर बजरंग कुमार उर्फ बजरंगी नीलकंठ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की गर्लफ्रेंड सीमा कुमारी को गिरफ्तार किया
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में बिल्डर बजरंग कुमार उर्फ बजरंगी नीलकंठ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की गर्लफ्रेंड सीमा कुमारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि उसने ही इस वारदात को अंजाम दिया।
यह पूरा मामला तिलकामांझी थाना क्षेत्र का है, जहां 2 जुलाई 2026 को गुरुवार को बिल्डर बजरंगी का शव उनके ऑफिस में मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही SSP प्रमोद कुमार यादव खुद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज और टेक्निकल सबूतों की मदद से महज 12 घंटे के भीतर आरोपी सीमा कुमारी को पीरपैंती से गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए SSP ने पुलिस टीम को 10,000 रुपये का नकद इनाम भी दिया है।
पूछताछ के दौरान सीमा कुमारी ने बताया कि वह पिछले 10 साल से बजरंगी के साथ रिश्ते में थी, लेकिन उसने उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया। आरोपी का आरोप है कि बजरंगी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था और इस दौरान बहुत क्रूर व्यवहार करता था। घटना की रात भी बजरंगी के हिंसक व्यवहार से नाराज होकर सीमा ने उसे मारने की योजना बनाई।
सीमा ने बताया कि जब बजरंगी नशे में धुत था, तब उसने ‘दबिया’ (एक तेज धार वाला औजार) से उसका गला रेत दिया। जब बजरंगी ने विरोध किया, तो उसने उसकी कलाई और चार उंगलियां भी काट दीं ताकि उसकी मौत पक्की हो जाए। हत्या के बाद आरोपी ने शव को तौलिए से ढका और ऑफिस से जरूरी दस्तावेज, कैश, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य सामान लेकर फरार हो गई। वह पहले झारखंड के गोड्डा गई और फिर वहां से भागकर पीरपैंती पहुंची, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी सीमा कुमारी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया दबिया, खून से सने कपड़े, एक बैग, जमीन के एग्रीमेंट की फाइलें, पासबुक, तीन चेकबुक, पांच डायरी, दो रसीद बुक, एक हेलमेट, तीन स्टैम्प पेपर, क्रेडिट कार्ड, ATM कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन मोबाइल फोन और 7,850 रुपये नकद बरामद किए हैं।