Bhagalpur में बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का खुलासा, प्रेमिका ने ही ली जान; 12 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
Bhagalpur: भागलपुर पुलिस ने तिलकामांझी थाना इलाके में हुए बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड की गुत्थी को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की प्रेमिका सीमा कुमारी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपना जु
Bhagalpur: भागलपुर पुलिस ने तिलकामांझी थाना इलाके में हुए बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड की गुत्थी को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की प्रेमिका सीमा कुमारी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। यह पूरी वारदात तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित बजरंग कुमार के कार्यालय में हुई थी।
मामले की जानकारी देते हुए भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि 48 वर्षीय रियल एस्टेट बिल्डर बजरंग कुमार 30 जून या 1 जुलाई के आसपास से लापता थे। उनका शव 2 जुलाई को उनके ऑफिस से बरामद हुआ था, जिस पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक SIT का गठन किया था।
जांच में सामने आया कि पीरपैंती की रहने वाली सीमा कुमारी के बजरंग कुमार के साथ निजी संबंध थे। आरोपी सीमा ने पुलिस को बताया कि बजरंग कुमार उसे पत्नी का दर्जा नहीं दे रहे थे और शारीरिक संबंध बनाने के बाद उनके साथ बुरा व्यवहार किया गया। इस बात से नाराज होकर सीमा ने तब हमला किया जब बजरंग कुमार नशे की हालत में सो रहे थे। उसने ऑफिस में रखे एक दबिया से उन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी सीमा कुमारी ऑफिस से नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और जमीन के जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गई थी और बाहर से ताला लगा दिया था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दबिया, खून से सने कपड़े, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और जमीन के 11 एग्रीमेंट फाइलें बरामद कर ली हैं।
इस सफल उद्भेदन के लिए SSP ने जांच टीम को इनाम देने की घोषणा की है। इस टीम में डीएसपी सिटी प्रथम अजय कुमार चौधरी, प्रशिक्षु डीएसपी भावना कुमारी और तिलकामांझी थानाध्यक्ष अरुण कुमार शामिल थे।