Bhagalpur में आर्मी जवान के घर डकैती, पत्नी और बच्चों को बनाया बंधक, लाखों के जेवरात लूटे

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने एक आर्मी जवान के घर को निशाना बनाया। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की गणेशीबाग कॉलोनी में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे चार से पांच हथियारबंद लुटेरे एक

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने एक आर्मी जवान के घर को निशाना बनाया। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र की गणेशीबाग कॉलोनी में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे चार से पांच हथियारबंद लुटेरे एक घर में घुसे और वहां मौजूद महिला और बच्चों को बंधक बना लिया। इस वारदात ने इलाके के लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, आर्मी जवान की पत्नी निक्कू देवी अपने दो बच्चों के साथ घर में अकेली थीं। बदमाश अचानक घर में दाखिल हुए और उन्होंने निक्कू देवी और उनके बच्चों को बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों ने महिला के सिर पर हथियार के बट से हमला किया, जिससे वह घायल हो गईं। वहीं, जब उनकी बेटी स्कूल से लौटी, तो बदमाशों ने उसे भी बंदूक की नोक पर रखा और डराया-धमकाया।

लुटेरों ने करीब 15 से 20 मिनट तक घर में उत्पात मचाया और वहां से लगभग 5 से 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। इसके अलावा बदमाशों ने 50,000 से 75,000 रुपये नकद और एटीएम कार्ड भी अपने कब्जे में ले लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी अतुलेश झा ने घटनास्थल का जायजा लिया और बताया कि पुलिस तकनीकी और मानवीय सबूतों के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलाके की नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है। पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में है।