Banka में 8 साल के मासूम पर चाकू से जानलेवा हमला, CCTV कैमरा टूटा मिला, हॉस्टल अवैध होने का खुलासा

Banka: बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित राधानगर के ‘माउंट केरला पब्लिक स्कूल’ के हॉस्टल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कक्षा एक में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र आनंद कुमार पर चाकू से ता

Banka: बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित राधानगर के ‘माउंट केरला पब्लिक स्कूल’ के हॉस्टल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कक्षा एक में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र आनंद कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। मासूम इस समय भागलपुर के मायागंज अस्पताल के ICU में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, आनंद कुमार कटोरिया के जमुआरी गांव का रहने वाला है और वह जून की छुट्टियों के बाद 4-5 दिन पहले ही हॉस्टल लौटा था। रविवार रात या सोमवार सुबह के बीच उस पर हमला किया गया, जिसमें उसके शरीर पर 18 से 20 घाव मिले हैं। सिर और चेहरे पर गहरे जख्म हैं, जिनमें सिर पर 2-2 इंच के करीब 8 घाव शामिल हैं। अन्य छात्रों ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे आनंद को कमरे से बाहर निकालकर छत पर बने बाथरूम के पास ले जाया गया था और सुबह 5 बजे वह खून से लथपथ मिला।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद जांच में हॉस्टल का मुख्य CCTV कैमरा टूटा हुआ पाया गया। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने सबूत मिटाने और अपनी पहचान छिपाने के लिए जानबूझकर कैमरे को क्षतिग्रस्त किया। स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच यह चर्चा भी है कि शायद मासूम ने हॉस्टल में कुछ संदिग्ध देख लिया था, जिसके कारण उसे चुप कराने के लिए यह खौफनाक कदम उठाया गया।

प्रशासनिक जांच में इस स्कूल और हॉस्टल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) मनोज मिश्रा ने पुष्टि की है कि यह हॉस्टल पूरी तरह अवैध था और बिना किसी लाइसेंस के एक अर्धनिर्मित भवन में चल रहा था। स्कूल का पंजीकरण तो एक महीने पहले हुआ था, लेकिन उसे अभी तक UDISE कोड नहीं मिला है। हॉस्टल में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे।

कटोरिया थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और हॉस्टल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित के पिता कुमुद यादव और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।