Badaun में निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, युवक की मौत के बाद परिजनों का हंगामा और पथराव
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद भारी बवाल हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने और 5 लाख रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप लगाया है। इस विवाद क
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद भारी बवाल हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने और 5 लाख रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप लगाया है। इस विवाद के बाद अस्पताल के बाहर प्रदर्शन हुआ, जिसमें हाथापाई और पथराव की खबरें सामने आईं।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के उपरैल गांव के रहने वाले राजवीर सिंह का 14 दिन पहले सिकंदराबाद में सड़क हादसा हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इंदिरा चौक के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने दिमाग में चोट का हवाला देकर ऑपरेशन की बात कही और तीन दिनों के भीतर 5 लाख रुपये ले लिए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें राजवीर से मिलने नहीं दिया गया और बताया गया कि वह वेंटिलेटर पर है। 29 जुलाई की रात को जब डॉक्टरों ने राजवीर को स्ट्रेचर पर बाहर भेजा और कहा कि अब कुछ नहीं हो सकता, तब परिजनों ने देखा कि उसका सिर खुला था और टांके सही से नहीं लगे थे। परिजनों का दावा है कि शरीर में कीड़े दिख रहे थे, जिससे पता चला कि उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी।
इस बात से गुस्साए परिजनों ने राजवीर के शव को अस्पताल के गेट पर रख दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ बढ़ गई और अस्पताल कर्मचारियों व प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने लाठियों और पत्थरों से हमला किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को भारी बल तैनात करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस, कोतवाली और अलापुर समेत पांच थानों की पुलिस, SP सिटी और CO सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देर रात तक दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया।