UP में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भ्रष्टाचार का आरोप, आकाश आनंद बोले- मायावती के बनाए सड़क पर आज भी गड्ढा नहीं
UP/Hathras : बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने हाथरस में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में धांधली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। आनं
UP/Hathras : बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने हाथरस में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के निर्माण में धांधली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। आनंद ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे का काम भाजपा सांसद के भाई ने करवाया है, जिससे इसमें भ्रष्टाचार की बू आ रही है।
आकाश आनंद ने मायावती के शासनकाल में बनी सड़कों की तारीफ करते हुए दावा किया कि उनके समय में बने एक्सप्रेसवे में आज भी एक भी गड्ढा नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से यमुना एक्सप्रेसवे का जिक्र किया और कहा कि वहां से एक कंकर तक नहीं निकला है। यह रैली बसपा की 2027 के उत्तर प्रदेश चुनाव की तैयारियों का हिस्सा मानी जा रही है, जहां उन्होंने भाजपा के साथ-साथ सपा और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पहले से ही विवादों में घिरा हुआ है। 11 अगस्त 2026 को इस एक्सप्रेसवे में धांधली और अधिक टोल टैक्स को लेकर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। इस मामले पर इसी हफ्ते सुनवाई होने की संभावना है। सड़क की खराब गुणवत्ता की वजह से अब IIT खड़गपुर से इसकी तकनीकी जांच कराई जाएगी और मरम्मत होने तक टोल वसूली पर रोक लगा दी गई है।
दूसरी तरफ, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 6 अगस्त 2026 को निर्माण कंपनी PNC इंफ्राटेक लिमिटेड को ‘नान-परफोर्मर’ घोषित किया है। NHAI ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भेजी है और उन पर दो प्रतिशत का जुर्माना भी लगाया है। PNC इंफ्राटेक पर पहले भी भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं, जिसमें 2024 में सीबीआई द्वारा मध्य प्रदेश के छतरपुर में NHAI अधिकारियों को रिश्वत देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस पूरे घटनाक्रम पर अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आई हैं। मायावती ने आकाश आनंद की रैली को लाइव देखा और उन्हें बधाई दी। वहीं, कांग्रेस ने आनंद को संविधान पढ़ने और सीधे भाजपा से सवाल करने की सलाह दी है। समाजवादी पार्टी ने भी इस एक्सप्रेसवे की घटिया गुणवत्ता को लेकर योगी सरकार की आलोचना की है।