Lucknow में मोबाइल टावर पर चढ़ी आगरा की महिला, पुलिस पर लगाया बेटे की पिटाई और पैसे छीनने का आरोप

Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आगरा से आई एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। यह घटना पार्क रोड की है, जहां महिला ने पुलिस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन

Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आगरा से आई एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। यह घटना पार्क रोड की है, जहां महिला ने पुलिस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत और समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।

महिला की पहचान तुलसा के रूप में हुई है, जो आगरा के कैंट क्षेत्र की श्याम विहार छोटी कॉलोनी की रहने वाली हैं। तुलसा ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ हुई नाइंसाफी की शिकायत लेकर मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ आई थीं। महिला का आरोप है कि 26 जुलाई 2026 को आगरा पुलिस और जीआरपी केकर्मियों ने उनके नाबालिग बेटे पर चोरी का आरोप लगाया था। महिला के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे की पिटाई की, मोबाइल तोड़ दिया और उससे 2000 रुपये छीन लिए।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके बेटे को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और कुछ रिपोर्टों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे को मूत्र पिलाने की कोशिश भी की। इसी मानसिक तनाव और गुस्से में वह लखनऊ पहुंचकर टावर पर चढ़ गईं। हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से उन्हें नीचे उतारकर थाने ले गईं।

इस मामले पर एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि मामला आगरा से जुड़ा है, इसलिए आगरा पुलिस और रेलवे प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से यह बात भी सामने आई कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकती है, लेकिन इसकी कोई मेडिकल पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि नियमानुसार आगे की जांच की जाएगी।